Friday, 13 May 2016

मेरी अधूरी मोहब्बतें....

(4)

मार्च का महीना तो वैसे ही बङा रोमांटिक होता है...कामदेव का वसंत...फगुनहट की बयारें...उपर से हमारे जन्मदिन के सिर्फ़ छह दिनों बाद ही पगली का भी जन्मदिन। हमारे बींसवे साल का पहला दिन...पगली के आने की तैयारियाँ...रात की ज़बरदस्त पार्टी के बाद अस्त-व्यस्त पङा दोनों कमरा...जहाँ-तहाँ बिखरे बीयर की बोतलें...केक से सने गंदे कपङे और बेडशीट...मन्चुरियन ड्राय....सिगरेट के बाक़ी बचे फिल्टर्स...खैर बङे मेहनत से एक कमरे की साफ़-सफ़ाई करके रोमांटिक माहौल तैयार किया गया। उत्तेजना अपने चरम पर थी...हमारी ऐसी हालत तो तब भी न हुवी थी जब हम पोलिटिकल सायन्स की परीक्षा देने जा रहे थे। नर्वस पर संतुलन के लिए डेस्कटाॅप पर किशोर दा बजाए गये...एक-एक मिनट के बीस-पच्चीस बरस गुजरने के बाद दरवाजे पर दस्तक हुवी। विलियम वर्ड्सवर्थ लिखे हैं कि हर प्रेमी को अपनी प्रेमिका ट्राॅय की राजकुमारी नज़र आती है...हम भी अपवाद न थे...और हो भी कैसे सकते थे...पगली के उस रूप को अब बंद आँखों से ही महसूस किया करता हूँ। एक कुंवारे के घर में उसकी प्रेमिका की उपस्थिति शराब से भी ज्यादा असर दिखाती है...हमारी साँसें कब जुङी...कब हम एक-दूसरे के कलेजे में उतरे...कुछ ख्याल नहीं...ख्याल है तो बस पगली के फोन में शाम पाँच बजे मनहुस अलार्म का बजना। अब जाना उसकी मज़बूरी थी सो पगली को घर तक पहुँचा आना हमारी भी। काश हमारे पास इतनी ताकत होती कि समय को कुछ देर के लिए थाम सकते...पर वो बेरहम रफ़्तार चलता रहा और हमारे कलेजे पर पहाड़ जैसा बोझ रखता गया। भारी मन से बाहर निकलके हमने ऑटो लिया और पगली को पहुँचा आया।
मुद्दतें गुजरी पर वो दिन लौटकर न आ सका...जबकि वैसी तमाम मनहुस शामें आई और हम उन शामों को हार्ड राॅक कैफ़े में बडवाइज़र मैग्नम, मन्चुरियन ड्राय, क्लासिक माइल्ड, और अपने बेहिसाब तन्हा ग़मों के साथ रातों में तब्दील करते रहे...और किसी अंज़ान शायर के शब्दों के साथ बेकसूर पगली पर क़यामत तक ये तोहमत लगाते रहे, " ये तेरे आँखों की तौहीन है...कि तेरा आशिक़ शराब पीता है"।
अब बारी थी पगली के उन्नीस बरस पूरा करके आगे बढ़ जाने का...ये 2012 आगे चलके इतना अहम और बेरहम हो जानेवाला था...मालूम न था। खैर वक़्त था पगली के हैप्पी जन्मदिन का...पर हम महज़ पाँच-सात दिनों में ही फ़िर से कंगाल हो चुके थे...होते भी क्यों न...चाहनेवालों के गुटबाजी ने पार्टियों की संख्या को बेतरह बढ़ा जो दिया था! हम अबतक चार्वाक के उधार लेकर घी(शराब) पीनेवाली कहावत को चरितार्थ करने लगे थे...सो पगली के जन्मदिन पर उसी से उधार लेकर पार्टी दिया गया। आगे भारी मात्रा में परीक्षाएँ हमारा इंतज़ार कर रही थी...पर हमने कभी इनका बहुत लोड न लिया...परिणाम बढ़िया कहे जाने लायक था भी। सेशन बदलते ही यूनिवर्सिटी में अगले चुनावों का दौर...और ये दौर बहुत खास इसलिए कि इसने पगली को हमसे बिना वज़ह बहुत दूर जाते देखा...इसने हमें कागज़ों पर बर्बाद होते देखा...इसने हमें अपने ही पैर पर कुल्हाङी चलाते कालिदास बनते देखा...इसने हमें नशे में बेतरह डूब जाते देखा...इसने हमें संघी बेहूदगी से बाहर आते देखा...इसने हमें कई चेहरों में अपने पगली को खोजते देखा...इसने नशे में मदहोश कम बेहोश ज्यादा वाली हालत में सङकों-गलियों से हमें उठाते दोस्तों की वो काली रातें भी देखा।
आज भी उन दिनों और रातों की यादें आत्मा को कलपा के रख देती है...अब आज और न लिखा जाएगा...नेतागिरी और मोहब्बतों की उन दर्दीली यादों ने कंठ को भी और उँगलियों को भी जाम करके रख दिया है।
2012 का वो मनहुस अक्टूबर महीना...चुनावी भागदौड़ अपने चरम पर...पगली की ताबङतोङ शिकायतें...खैर तमाम व्यस्तता को परे हटा पगली से माॅडल ध विलेज मिला गया। हमें मालूम न था कि पगली आखिरी मुलाकात करने आई है...उस हसीन मुलाकात के बाद अचानक ही पगली को काॅमर्स छोङके पत्रकारिता का शौक चरचराया और वो हमें अलविदा कहके सुरत चल पङी। तब हम इतने बुरे न थे...पर अभीतक हम वज़ह की तलाश में कोलंबस हुवे जाते हैं। पगली ने हमें नज़रअंदाज़ करना शुरू किया...और जैसा की होता है कि किसीको अगर सबसे बडी़ गाली बिनबोले देनी हो तो उसे नज़रअंदाज़ करते रहो... चुनावी जिम्मेदारियों के कारण हम अपने तक़लीफ़ को अंदर में बाँध के रखे। ये वो समय था जब हमें उसकी सबसे ज्यादा ज़रूरत थी...नेतागिरी ने पुराने दोस्तों को दुश्मन बना दिया था...हम बेहद अकेले थे...सबकुछ जानते हुवे भी पगली हमें मिनट-दर-मिनट मरता छोङ गई वो भी वज़ह बताए बिना।
एक अर्से बाद वो फ़िर से आई ज़िंदगी में पर अब तमाम छलावे और शर्तें लिए हुवे...और इस अर्से में हमने कभी "पिया" तो कभी "राजकुमारी" में अपने पगली को खोज़ा। एक असफ़ल प्रेमी चलता-फ़िरता न्यूक्लियर बम होता है...सो हमारे फटने से पगली के अलावा हर वो कोई झुलसता रहा जो हमारे क़रीब आया।
मुद्दतें गुजरी...हम अपने पगली को न पा सके...वो वापस आई भी तो "पुराने बोतल में नई शराब' के तर्ज़ पर...अफ़सोस कि हमने हमेशा ही पुरानी शराब को पसंद किया है...परिणाम ये कि हम मौत तक के लिए नशे के आगोश में जा पहुँचे...और अब उसकी दिखावटी क़ोशिशें नाकाफ़ी होनी ही थी।

(जारी...)

- Raj Vasani. (મોરી ચા.) 😊😉

Wednesday, 4 May 2016

मेरी अधूरी मोहब्बतें....

(3).

एक कहावत है...अगर किसी को बर्बाद करना हो तो उसे पहले तो मोहब्बत करा दो...अधिक बर्बाद करना हो तो नशे की लत पकङा दो...इतने में भी बात न बने तो उसे जुआ खेलना सीखा दो...अंतिम हथियार ये कि उसे नेता बना दो। हम बस जुआरी न थे...बाक़ी सारे गुण वो भी थोक में...बर्बाद तो होना ही था। पर नहीं हुए...हमें हमारी मोहब्बत ने बङे शिद्दत से बचाए रखा। युनिवर्सिटी के हर चुनावी मौसम के बाद हमारे आर्थिक मंदी का दौर चला करता था...घर में बिना बताए लौंडा नेता जो बन रहा था...तो चुनावों में की गई लेनदारियाँ मौनसून के जाते ही देनदारियाँ बन जाया करती थी। अब तो मुफ़लिसी में आटा गीला करने को हमारे धुएँ में उङते फ़िक्र का शौक ही काफ़ी था...उपर से मंदिरों(मदिरा भी पढ़ सकते हैं :p) में किए जानेवाले गुप्तदान भी...मतलब ये कि हम 1930 वाला जर्मनी हो जाया करते थे। दो महीनों से होस्टल का किराया नहीं दिया गया था और उससे भी बङी टेंशन ये कि खाना बनाने वाली आंटी के भी पैसे बाक़ी थे...तब हम होस्टल में रहते थे... आर्थिक स्थिति ने उनकी छंटनी का रास्ता तैयार कर दिया पर इसके लिए भी दो महीने का उनका बकाया चुकाने की समस्या। पगली को साफ़-साफ़ तो न कह सके...आखिर अंदर बैठे मर्द का इगो हर्ट हो जा रहा था...फ़िर भी उसे मोहब्बत के बेतार से अंदाज़ा लग ही गया। सुबह-सुबह उसका बुलावा...पाॅकेट में रिंगरोड तक पहुँचने लायक भी पैसे नहीं...खैर, अख्तर पान वाले से सौ रूपये और एक क्लासिक माइल्ड लेकर निकला गया। वहाँ कुछ देर बातें हुई फ़िर हम वापस घर को लौटे...परेशान थे सो आते ही बिस्तर पर औंधा हो गए...कुछ देर बाद उठे तो शर्ट के पाॅकेट में लाल-पीले कागज़ों की झलक मिली। स्थिति भिखारियों वाली...अचानक एक हजार के और दो पाँच सौ के नोट...तुरंत उसे फोन करके डाँटा गया पर उपरी मन से...उन नोटों की क़सम अंदर से बेहद शांति और ठंढक मिल रही थी।
गुजरते महीनों के साथ-साथ मौसम भी बदलता जा रहा था...सितंबर अक्टूबर के रास्ते होता हुवा नवंबर में तब्दील होने को बेक़रार था...पर हमारी आर्थिक मंदी अभी जाने को तैयार न थी। त्योहारों का अंतहीन सिलसिला शुरू हो चुका था...धनतेरस की पूर्व संध्या...पाॅकेट और एटीएम बिलकुल खाली...खैर भारतीय जुगाङ टेक्नालॉजी से मुद्रा जमा किया गया और मदिरा को चढ़ावा पहुँचा दिया गया। अपने प्रिय मंदिर को दान करने में हमको कलयुगी कर्ण समझिए...सो खाने की भी परवाह न किए और दौर-ए-जाम में मस्त हो गए। देर रात तक पगली हमारे फोन के इंतज़ार में जागती रही पर हम ज़हर से गला तर करके भोलेनाथ हो जाने में व्यस्त...तकरीबन 11 बजे पगली के फोन से थोङा खलल पङा तो काॅलबैक की परंपरा का पालन किया गया। दुनिया जानती है कि जब पाॅकेट ठंढा होता है तब मन गरमाया रहता है सो उसे पहली बार इतना भीषण और वो भी बेवज़ह डाँटा गया...और फ़िर फोन काटके हम बिस्तर के ठौर में पहुँचे। सुबह दरवाजा पीटे जाने की आवाज़ से जागे...दरवाजा खोले तो पगली को खङा पाया...हम फ़िर भङक पङे...पर वो बेचारी रात में हमारे भूखे सो जाने के खबर के कारण खाना बनाकर लाई थी...वो भी तब जब उसका घर से निकल पाना बहुत मुश्किल था। प्यार से डाँटकर पगली ने अपने हाथों से खाना खिलाया और अपना ख्याल रखने की ताक़ीद कर घर को गई। शाम जब वो अपने घरवालों के साथ धनतेरस के शाॅपिंग को गई तो छुप-छुपाके हमारे लिए चम्मचों का एक सेट खरीद लाई।
आज भी हमने उन चम्मचों को जला खाना तक स्वादिष्ट करते पाया है और उस टिफिन को अपने उपेक्षा पर रोते पाया है...ये भी हमारी मोहब्बत की धरोहरों में से है।
राजकोट की सर्दी के प्रचंड होते-होते पाॅकेट गरमाने लगा था...वज़ह अहमदाबाद से बङे भाई का भेजा जाने वाला परसाद...सो आशिक़ी अपने मस्ततम दौर में। काॅलेज का इंटरनल इधर खत्म हुवा और उधर धुआँधार तारीख़ों का दौर शुरू हुवा। तब हम पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए दिल्ली जाने के मूड में थे...सो अहमदाबाद वाले भाई के आदेश से टाॅफेल का फाॅर्म भरा गया...परीक्षा के लिए कई तारीख़ों का विकल्प मिला था...पर हमने चुना  20 नवम्बर...हमारा जन्मदिन। एक तो बङका अंग्रेजी परीक्षा और उपर से हमारा जन्मदिन...स्वाभाविक था पगली का उसदिन पागलपन के चरम पर पहुँच जाना। अमीन मार्ग मिला गया...वहाँ से ऑटो लेकर चौधरी हाईस्कूल....हम अंदर गये परीक्षा देने और पगली वहीं बाहर हमारा इंतज़ार करते रही। खैर पेपर अच्छे से निपटा के बाहर निकला गया...पगली को वहीं देखके हम एकदम हैरान पर बेतरह खुश भी। अब वहाँ से काॅफी हाऊस...केक-वेक काटा गया...जन्मदिन एकदम चउकस टाइप हैप्पी-हैप्पी।
जन्मदिन तो बहुत मनाया गया हमारा...शैंपेन से लेकर खून तक भी बहा...पर ऐसी खुशी न मिल सका कभी...कुछ ही दिन बाद आया टाॅफेल का रिजल्ट हमें फ़िर से ताज़ा और पगली को और यादगार बना गया।
शायद वो पगली का प्यार ही था जो हमें तब राजकोट और गुजरात छोङकर न जाने दिया...पर अफ़सोस किसको है!

(जारी...)

- Raj Vasani. (મોરી ચા.) 😊😉

Tuesday, 26 April 2016

"मेरी अधूरी मोहब्बतें"....

(2)
ग्रेजुएशन दूसरे साल की फाइनल परीक्षा एक हफ़्ते की दूरी पर...और हम इश्कियाने मुड के व्यस्तता में मस्त...खैर खुमारी उतरी तो पता ये चला कि नेतागिरी ने पढ़ाई को लील रखा है। उस दौर के तमाम साथी आज भी वो साल याद रखे ही होंगे...केस-दर-केस...लङाई-दर-लङाई...हालात ये कि हम जितना थाने-कोर्ट-कचहरी में उपस्थित रहे उससे बहुत कम क्लास और काॅलेज में। हालात ऐसे थे कि हमारे पास पूरे सिलेबस में से एक भी क़िताब नहीं था...परेशानी के सारे सबब पगली को बताया गया...उस समय हमने उसे दुनियाभर के तमाम मोटिवेशनल लीडरों से बेहतर पाया। बिना हथियार और टूटे मनोबल के साथ सामने आन पङे महाभारत की तैयारियाँ शुरू हुई...पर सकारात्मक बस इतना कि द्रौपदी हो चुकी हमारी परिस्थिति को संभालने पगली श्रीकृष्ण बन चुकी थी।
हर पेपर से पहले वाली रात को 11 बजे तक सुला देना और भोर के 3 बजे तक उठा देना...उसके अपने नमाज़ों से ज्यादा क़ीमती हो चुका था। हम भी खोया फाॅर्म पाने लगे और जैसे-तैसे सामग्रियाँ जमा करके पेपर-दर-पेपर देने लगे। रिजल्ट आने से पहले वो गेबन शाह हज़रत की दरगाह पर चुनरी-चादर के घूस की पेशकश कर आई। नहीं मालूम कि ये असर हमारे पगली के दुवाओं में था या फ़िर पक्के नमाज़ी टाइप हमें सुलाने और जगाने की जिम्मेदारी में था...या फ़िर हमारे जीतोङ़ मेहनत में था...पर वो असर आज भी उसको समर्पित टाॅपर सर्टिफ़िकेट व टाॅपर ट्राॅफी के रूप में धरोहर टाइप हमारे पास सुरक्षित रखा है।

बिना रूसवाईयों के कैसी मोहब्बत? अब ये दौर रूठने-मनाने का था...कभी हम रूठे तो कभी हमारी पगली। काॅलेजों का हर नया सेशन(सत्र) नेतागिरी के चक्कर में हमारे लिए व्यस्तता से भरा होता था...लाज़िमी है कि अब हम उसे समय नहीं दे पा रहे थे। काॅलेज में चुनाव बस कुछ दिनों के बाद...एडमिशन्स के लिस्ट हमसे दुश्मनी निकालने आए जा रही थी और उधर पगली का एग्जाम भी था। हम लाख कोशिशों के बावज़ूद भी उसका सहारा हो पाने में असफ़ल हो रहे थे...तभी किसी प्रचंड फेसबुकिया राष्ट्रवादी कवि(?) के चक्कर में कुछ गलतफ़हमियाँ हुई और हमारी मोहब्बत ने पहली बार भीषण महाभारत का रूप धारण किया। खैर...सुबह होश संभालते ही हम तैयार हुए और तमाम चुनावी ज़िम्मेदारियों को एक किनारे रख उसके पास पहुँचे...सेंटर था करणपरा मेईन ओफिस....एक-डेढ़ घंटे के सफ़र में सीने पर पगली का मुक्का और सिर संभालते हुए हम मंज़िल तक पहुँचे। आँखें सुजाए बैठे अपनी ज़ान को मिठाईयाँ खिलाए...तुरंत कालावाड रोड की ओर भागे...वापस आके रिसीव किए और घर तक पहुँचाए। सिलसिला तबतक चला जबतक कि उसके पेपर खत्म न हो गये। न मालूम कि कमी कहाँ छूटी...हमारा बेहूदगी भरा रूख या पढ़ाई को किनारे रखती पगली की दीवानगी...रिजल्ट वैसा न हो सका जैसी उम्मीदें थी। वो बुरा रिजल्ट ही हमारे मोहब्बत का पहला अपराधबोध है...आज भी हमें ये कुफ़्र सा लगता है और सज़ाएँ भी शायद इसीलिए नाकाफ़ी हो जाती हैं।
माहौल कुछ-कुछ ऐसा ही था जैसा कि आज...बस फ़र्क इतना की वो देशभर का मुद्दा न होकर हमारे काॅलेज तक ही सीमित था। सुबह से भयानक बरसात...काॅलेज में वोटिंग का दिन...हमारा काफ़ी-कुछ दाँव पर...भीगते हुए जैसे-तैसे वोट पङे। शाम उसदिन भी आज जैसा ही सिंदूरी हो गया था...और हम थे कि रिजल्ट के इंतज़ार में बेचैन...अंदेशा हो गया कि हम बहुत बुरी तरह हारने वाले हैं और हुआ भी वही...सारे सीट हारकर घर भाग जाने की हङबङी में अधिकांश साथी निकल लिए...हम बेहोश टाइप वहीं टिके रह गए। पगली हमसे भी ज्यादा बेसब्री से रिजल्ट का इंतज़ार कर रही थी...पाॅकेट में रखा फोन कांपा...पगली को काॅलबैक करके रिजल्ट बताया गया...और फ़िलहाल फोन न करने का आदेश देकर बीग बाजार का रूख किया गया। अपने अतिप्रिय मंदिर से पतित पावन राम मंदिर के पास से बीयर की बोतल खरीदकर ग़म को भगाने का दौर शुरू हुआ...उधर पगली लगातार फोन कर-करके परेशान। सुबह जब खुमारी उतरी तो 26 मिस्डकाॅल और क़रीब इतने ही मैसेजों को गलती की गवाही देते पाया...पगली ने नाराज होके पूरा आसमान सिर पे उठा रखा था...मनौती की शर्त ये रही कि हम एक घंटे में काॅफी हाऊस मिल रहे हैं। आदतन हम लेट पहुँचे...पर कुछ देर के बहस के बाद हम अपने पगली को मनाने में सफ़ल रहे। हम कमजोर थे तब...तभी बीयर को शरणागत हुए थे और यह उसकी मोहब्बत को और मज़बूत करने की वज़ह बन गया। उसका वो अथाह-अनंत समर्पण...पगली ने अपनी आत्मा तक को हमारे लिए निकाल के रखा था...पर हम बेहूदों ने कब क़द्र जाना है इस समर्पण की? क़यामत तक वो अपने मोहब्बत से उस शराब को भगा देने का जतन करते रही पर हम अपने तमाम बेहूदगी को फ़कीराना-फ़क्खङपना बताके खुद को महान साबित करने का प्रयत्न करते रहे।

(जारी...)

- Raj Vasani. (મોરી ચા.) 😊😉

Saturday, 23 April 2016

"मेरी अधूरी मोहब्बतें"....

(1)

अप्रैल 2014 की बात है...मोदी जी जब जंतर-मंतर पर शोभायमान थे...हम भी मीडिया के बहाए बयार में बहक के टीवी पर जा पहुँचे थे। उनदिनों भूख ही हमारी प्रचंड कमजोरी हुआ करती थी बावजूद सुबह से उपवास जारी। घंटे-दर-घंटे फेसबुकिया हवाबाज़ी भी अपने चरम पर...मार फोटू और मार स्टैटस दहला के रखे थे अपने फेसबुकिया दीवार को। वो पगली इसी हवाबाज़ी पर इम्प्रेस हो गयी और बङका क्रांतिकारी समझ बैठी। शामें तब बङी हसीन हुआ करती थी...परिणाम ये कि हर शाम को उपवास खान मार्केट में मैक्डोनाल्ड्स के आउटलेट पर बर्गर तोङते टूटता था। ऐसी ही एक हसीन शाम थी और बर्गर तोङती क्रांतिकारिता थी...फोन के स्क्रीन पर तभी एक अंजान नं फ्लैश होने लगा...मुँह में भरे बर्गर को जैसे-तैसे निगल फोन उठाया गया। दस-बारह सेकेंड के फ़र्ज़ी हैलो-हैलो के बाद पहली बार उस पगली की आवाज़ कानों में उतरी...और उतरी भी ऐसी की सीधे दिल में ज़गह कर गई।
बस यहीं से हमारे राह ने मोङ पकङा और ज़िंदगी का वो अध्याय शुरू हुआ जो अभीतक किसी को पढ़ाया नहीं गया...

वो दौर था जब ऑर्कूट चिरकूटियाने लगा था और थोक में लोग फेसबुक पर पलायन करने लगे थे...इसी दौर में फेसबुकिया मोहब्बत भी परवान चढ़ा। काली रातें चैट बाॅक्स में उजाला पाती रही...और नासमझी से समझ की ओर पलायन करते हम अपने पहले सच्चे प्यार को महसूस करने लगे। मोहब्बतें अक्सरहां एकतरफ़ा हुआ करती हैं...खासकर तब जब हम जैसे बेहूदा दीवानगी की हदों तक पहुँच जाएँ। एकतरफ़ा कब दोतरफ़ा बन गई...ना हमें मालूम ना उस पगली को। राजकोट के गर्मियों के दिन थे...फ़ोन पर तारीख़ फिक्स किया गया...भकितनगर सर्कल... हम थे कि दीदार-ए-परान को बेताब और पगली आई मुँह पर नकाब बाँधे। धङकनें कब धौंकनी बनी...कब हम उसको मंत्रमुग्ध सा फाॅलो करने लगे...कुछ पता नहीं। होश तब आया जब पगली ने लताङते हुए बोला कि ऐसे किसी अंजान लङकी के पीछे आते शरम नहीं आती...और होश भी ऐसा आया कि इगो हर्ट हो गया...परिणाम हम एक बीना शक्कर वाली चाय लगाकर के बुलेट पर सवार और रूख किए कालावाड रोड की ओर। लगातार आते फोन को इग्नोरियाते...और मन में भीष्म टाइप प्रतिज्ञा करते...घायल दिल लेके घर पहुँचे। पर वो क्या है न कि हम हर मोहब्बत बङी शिद्दत से किए हैं...शाम को मौसम ठंढाते हुए फोन करके बतियाए और प्रपोज कर दिए..

मोहब्बतें सोचा नहीं करती...हमने भी बङी शिद्दत वाला मोहब्बत किया...तो हम कैसे सोचते? पगली को हमारा प्रपोजल फैशनेबुल टाइप का महसूस हुआ...सो सिरे से हमको खारिज़ कर दिया गया...पर फेसबुक का चैटबाॅक्स एकाध दिन के अकाल के बाद फ़िर से गुलजार होने लगा और फोन पर भी बातें लम्बी होने लगी। मुलाकातों का...बेचैनियों का...आकर्षण का...दोतरफ़ा दौर धीरे-धीरे ही सही पर जोर पकङ रहा था। मुलाकातें काॅफी हाऊस से  अमीन मार्ग ... क्रिस्टल मोल....रेसकोर्स रिंगरोड होते हुए फ़िर से भकितनगर सर्कल पहुँची...और वहाँ पहुँचते ही अंदर का गुबार ज्वालामुखी सा फटा और हमने धुआँ उङाके अपना कलेजा निकाल रख दिया। अपने आदर्शपुरुष नेताजी सुभाष की क़सम...तुम हमें हमारी मिमि(नेताजी एमिली शैंकल को इसीनाम से पुकारा करते थे) लगती हो...पवित्रता अपना असर छोङ के रहती है...और वैसे भी हम उसके अंदर घर बना ही चुके थे...सो हम हैप्पिली कमिटेड हो गए।

(जारी...)

:- Raj Vasani. (મોરી ચા.) 😊😉

Monday, 18 April 2016

गोधरा, गुजरात 2002... (મોરી ચા.)

गोधरा, गुजरात 2002।

यही पहचान है मोदी जी की और इसी लिए उसको हमने प्रधानमन्त्री बनाया है।

मोदी जी गोधरा की रोटी खा रहे है और हम उन्हें घी लगा कर रोटी उसी के लिए खिला रहे है।

हमने नरेंद्र मोदी को मोदी जी बनाया है और हम ही है जो 2019 में उन्हें फिर नरेंद्र मोदी बना देंगे।

ना ना ना! यह सारे उदगार बिल्कुल भी मेरे नही है, यह सारे उदगार मोदी जी के कुछ कट्टर समर्थको के हैं। हाँ यह अलग बात है की शब्द मेरे है लेकिन सोशल मिडिया पर मैंने कुछ लोगों को यह कहते  हुए देखा है। मैंने अभी तक यही कोशिश की है की इन उदगारों को, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता मानते हुए उस पर कोई टिप्पणी नही की जाए लेकिन अब मुझे लगता है की लोगों को एक यथार्थ से परिचय करा दिया जाना चाहिए ताकि भारत के भविष्य में होने वाली घटनाओ का वो लोग कोई संकीर्ण आंकलन करने की भूल न करे।

आप लोग एक बात अपने दिमाग से बड़े आराम से निकाल दे की गोधरा के कारण नरेंद्र मोदी, मोदी जी बने है। हाँ यह अलग बात है कुछ लोगो ने 2002 को देख कर नरेंद्र मोदी को प्रधानमन्त्री के रूप में देखने का सपना देखा था। हकीकत यह है की गोधरा में 57 कारसेवको की हत्या के आक्रोश में गुजरात में जो दंगे हुए थे, जिसमे मुसलमान के साथ हिन्दू भी मारे गए थे। उस वक्त केंद्र में अटलबिहारी बाजपेयी जी प्रधानमन्त्री थे जो अपनी उदारवादी छवि को लेकर बड़े सचेत थे। शुरू में जब कांग्रेस और अन्य सेकुलर जमात ने गुजरात के दंगो के लिए मोदी जी पर दोषारोपण लगाया था तब उन लोगो का असली निशाना दिल्ली में अटलबिहारी बाजपेयी की सरकार थी। वो लोग, इस दंगे का इस्तमाल, बीजेपी को मुस्लिम विरोधी और एनडीए सरकार को असफल सिद्ध करने के लिए कर रहे थे। उन लोगों ने, बाजपेयी जी के करीबी लोगों के माध्यम से यह दबाव बनाया की गुजरात के कारण उनकी छवि खराब हो रही है और इस लिए मोदी को गुजरात के मुख्यमंत्री पद से हटा दिया जाना चाहिए। बाजपेयी जी भी अपनी सेकुलर छवि के प्रति इतना सचेत थे की सारी सच्चाई जानने के बाद भी वो मोदी से हटाने को तैयार हो गए थे। लेकिन उस वक्त, बाजपेयी जी की इच्छा के विरुद्ध पूरा संघटन मोदी जी के पक्ष में खड़ा हो गया था और वह मुख्यमंत्री बने रहे थे।

इसी निर्णय के बाद से ही सारी मीडिया , वामपंथीयों बुद्धजीवीयों और मुस्लिम वोट बैंक पर जीने वाले दलो ने मोदी के खिलाफ दुष्प्रचार शुरू कर दिया था। उस दुष्प्रचार का असर यह है की जिस मीडिया  के लोगों  को, लोग आज "प्रेस्टीटूटेस" कह कर बुलाते है, वहीं लोग उनकी पिछले 14 साल से चले आरहे झूठ पर विश्वास कर रहे है और उसी कारण से उन्होंने नरेंद्र मोदी को मोदी जी बनाया है यह मान कर बैठे गए है।

क्या आप लोगों ने कभी यह सोंचा है की 2002 से ही क्यों पूरी मीडिया , विदेशी धन से चलने वाले एनजीओ और सेकुलर जमात के प्रचार तन्त्र , एक राज्य के, पहली बार बने मुख्यमंत्री का राजिनैतिक जीवन समाप्त करने के लिए इतनी शिद्दत से लगा हुआ है?

क्या यह लोग इतने दूरदर्शी थे की उन्हें 2002 में ही उन्हें मालूम था की यह नरेंद्र मोदी नाम का व्यक्ति 2014 में कांग्रेस को खत्म कर देगा?

क्या 2002 में इन सबको यह एहसास था की मुस्लिम वोट के बिना भी सरकारे बन सकती है?

ऊपर के यही तीन प्रश्न सिद्ध करते है की नरेंद्र मोदी के विरोध की कहानी कुछ और है जिस पर न सेकुलर मण्डली बोलती है और न ही स्वयं बीजेपी के लोग स्वीकार करते है।

कांग्रेस, मीडिया और अन्य राजिनैतिक दलो के लिए गोधरा,गुजरात एक ढाल है जिसके पीछे यह लोग अपने मोदी विरोध के कारणों को छुपाने में बेहद सफल रहे है। क्या आपको याद है की मोदी की गुजरात में मुख्यमंत्री बनाया गया था तब गुजरात का क्या हाल था? 2001 में जब केशुभाई पटेल को हटाकर, मोदी को मुख्यमंत्री बनाया गया था, तब बीजेपी की सरकार भ्रष्टाचार और अकर्मण्यता में डूबी हुयी थी और भुज में आये भूकम्प से बनी परिस्थितयों को संभालने में निष्फल रही थी। इन परिस्थितयों में नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री बने तो उनकी कार्यशैली का सबसे पहला शिकार भ्रष्टाचार हुयी थी। जिस दिन से कुर्सी पर बैठे थे उस दिन से जितने दलाल और लोबईस्ट थे उनकी दुकाने उजड़ गयी थी। गुजरात एक व्यापारी समाज का राज्य है जहाँ, धंदे में सब चलता था, जिसको खत्म कर दिया गया था।

इन दलालो और लोबईस्ट में मीडिया के पत्रकार और उनके मालिक भी थे। कांग्रेसी संस्कृति में, यह वर्ग हमेशा से पल्लवित हुआ था, जिस पर रोक लग गयी थी। उनकी कार्यशैली का दूसरा शिकार गुजरात के अवैध धंदे थे, जिसमे अवैध शराब और स्मगलिंग मुख्य थी। इस अवैध धंदे में मुस्लिम समुदाय का अच्छा दखल था, जो नए शासन में चरमरा गया था। गुजरात में जो मोदी जी के तेवर दिख रहे थे उससे गुजरात की कांग्रेस, बीजेपी के मोदी विरोधी और बड़े दलाल तीनो ही त्रस्त थे, जिसके कारण गुजरात में अशांति फ़ैलाने के लिए गोधरा की घटना को अंजाम दिया गया था। क्योंकि कांग्रेस के लोग उसमे शामिल थे इसलिए मीडिया ने शुरू से इस बात को दबा दिया था। जब इस घटना के आक्रोश में दंगे भड़के तब मोदी ने दंगे रोकने के लिए अपनी पुलिस को पूरी छूट  दी थी, जिसका परिणाम यह हुआ की जिन मुहल्लों या इलाको में पहले पुलिस घुसने की हिम्मत नही करती थी, वो वहां पहुंची और सख्ती से दंगे रोके गए थे।

गुजरात में पुलिस का उन इलाको में पहुचना जहाँ कभी पुलिस का कानून नही चलता था, उसने वहां के घेटो चरित्र को चटका दिया था जिससे पहली बार मुस्लिम समाज के मानस(साइकि) को तोड़ दिया था। इसका असर पुरे भारत के मुस्लिम समाज पर पड़ा  क्योंकि स्वतंत्रता के बाद पहली बार उनकी मनमानी पर लगाम लगी थी, जिसे कांग्रेस के बढ़ावे में उन्होंने अपना अधिकार मान लिया था।

गुजरात में नरेंद्र मोदी के आने के एक वर्ष में जो कुछ हुआ था वह भारत की मौजूदा राजिनैतिक वातावरण के विरुद्ध था। जिस राजिनैतिक व्यवस्था और दलाल संस्कृति में नेता, नौकरशाह और मीडिया जीने के अभ्यस्त थे और उसमे फलफूल रहे थे, उसमे किसी को भी नरेंद्र मोदी द्वारा शासन चलाने का तरीका स्वीकार्य नही था।

इन सबको एहसास था की ऐसे आदमी का राजीनीति में लम्बे समय तक रहना इन सभी के लिए धातक है। वे लोग इस बात से भी मानसिक अवसाद में थे की नरेंद्र मोदी की शख्सियत के राजिनीतिज्ञ को वह नही जानते है और यही इनकी हीनता बन गयी जो बाद में घृणा के रूप में आज हम सबको दिखती है।

मैं मानता हूँ मोदी को प्रधानमन्त्री बनाने में आपके योगदान देने के अपने कारण होंगे लेकिन सिर्फ गोधरा, गुजरात 2002 को कारण मत बनाइये।

"भविष्य उज्जवल है लेकिन सारी अभिलाषाएं, आपके हिसाब से, आपकी प्राथिमकता के आधार पर पूरी होंगी यह उम्मीद मोदी जी से रखना छोड़ दीजिये"।

:- Raj Vasani. (મોરી ચા.) 😊