Sunday, 17 April 2016

मेरी अधूरी मोहब्बतें

जो प्रेम में होते हैं, किसी के नहीं होते..अपने भी नहीं.

मौसमों के संक्रमण के दिन थे. सर्दियां घिसट रही थीं...सूरज धरती को गर्म करने लगा था. हर सांझ सर्दियों को हवा लगा करती थी और सुबह उसका दम निकल जाया करता था. किसी साल ऐसे ही संक्रमण के मौसम में हमदोनों अपनी पसंदीदा जगह बीगबाईट में बैठे हुए थे.

बीगबाईट. रेसकोर्स रिंगरोड बना फूडकोर्ट. इसने नमालूम कितने प्रेम को पनपते, जवां होते और सिसक कर दम तोड़ते देखा है. कितने जोड़े यहाँ हाथें थामे आया किये हैं. एक ही कप में आइस-टी पीते कितने जोड़ों को इसने घंटों बैठे देखा है. इसकी टेबलों पर खूब गर्म आँसू गिरे हैं. यह बेइंतहा प्रेम, घुटन, टूटन का गवाह रहा है. हम भी इसके गवाह रहे और यह हमारा बयान बनकर रह गया...

ऐसी ही किसी सांझ हम दोनों वहाँ पहुंचे. आदतन आइस-टी मंगाकर मेन्यू पलटना शुरू कर दिये. टेबल से लेकर दीवारें और आर्डर लेने के लिए कागज़-कलम लिए बैरा तक जानता था कि आज भी कुछ नया नहीं होना है. परंपरागत तरीके से दोनों मेन्यू इस तरह डिस्कस कर रहे थे जैसे बीच अदालत किसी गंभीर किताब से कुछ भारी खोजते वकील. कप से दोनों घूंट दर घूंट लिए जाते थे...मेन्यू से कुछ चुनकर फिर कैंसिल किये जाते थे...खाली होते हर कप के बाद एक और नया कप आते जा रहा था.

‘अच्छा सुनो, पहले केक मंगा लेते हैं. जबतक तैयार होगा तबतक कुछ खाने का भी देख लेंगे.’...अचानक से किसी निष्कर्ष पर पहुंचकर वह बोली थी.

‘ठीक है. एक ब्लैक फारेस्ट पैक कर दो. सिर्फ ‘पगली’ लिखना उसपर. कैंडल 23 का रख देना. और देर मत लगाना.’

यह आर्डर देकर वापस खाने की खोज शुरू.
‘आज सब रहने देते हैं. कुछ भी समझ नहीं आ रहा. तुम न पिज़्ज़ा मंगा लो. सबसे बड़ा वाला मंगाना. उसके बाद हम  इस्कॉन चलेंगे. केक घर पर काटेंगे.’

उसके लहजे से यह साफ़ था कि अंतिम निर्णय आ चुका है. संशोधन की रत्ती भर गुंजाईश नहीं अब. फिर भी कोशिश के नाम पर हम तल्खी से बोले, ‘’इतना घूमेंगे तो केक का कबाड़ हो जायगा. पहले केक निपटा लो, फिर जहां कहोगी वहीँ चल लेंगे.’’

उसकी ऑंखें, जिनमें अभी बच्चे सी चमक थी, अब झरना हुई जाती थी. विश्वभर की तमाम प्रेम-कहानियों में ये झरने बहुत घातक हथियार हुआ करते हैं. विश्व के महान योद्धाओं ने यदि किसी प्रेयसी से आँसू के गोले का इस्तेमाल सीख लिया होता, लाखों-करोड़ों जिंदगियां बच गयी होतीं. फतह तो खैर खुद ब्रह्मा भी आकर नहीं टाल पाते. हम तत्काल प्रभाव से नरम हो चुके थे. विकल्प सोच रहे थे. उसकी आँखों में फिरसे बचपन लौट आया था.

वहां के प्रबंधक से बात करने के बाद मालूम हुआ कि कुछ अतिरिक्त भुगतान करने पर होम डिलीवरी संभव है. उसे पता लिखवाकर और सारी बातें समझकर लौटे तबतक टेबल पर डोमिनोज का पिज़्ज़ा आ चुका था. दो-दो स्लाइस के बाद किसी का मन खाने का नहीं था. काफी सारा हिस्सा अनछुआ पड़ा था. कुछ भी खाने की चीज फेंकना उसके आदर्शों के खिलाफ था तो बचे पिज़्ज़ा को पैक करा हम किसी भूखे की खोजपर निकल पड़े.

मंदिरों में आपको भगवान मिलें न मिलें, बाहर भूखे जरूर मिल जायेंगे. इसी तथ्य पर यकीन कर हम मंदिर की तरफ बढ़ चले. यही कोई चार-पांच सौ मीटर चले होंगे, फुटपाथ पर एक मरियल सा अधेड़ पड़ा मिल गया. हमदोनों हिचक भी रहे थे कि कहीं वह कुछ गलत न समझ ले. जूठा मान उसके आत्म-सम्मान को ठेस न लगे. हम उससे बात किये. वह निश्चित ही बहुत भूखा था और खूब उम्मीद से पिज़्ज़ा के डब्बे को देख रहा था. खैर, तुरंत ही उसने सारे बचे स्लाइस निपटा डाले. ऐसा लग रहा था जैसे उसकी भूख अभी बाकी ही हो. पूछने पर उसने कोल्डड्रिंक की इच्छा जाहिर की. खाने से उसका चेहरा कुछ ठीक हुआ था. साफ़ जाहिर हो रहा था कि यह शराब के कारण अधेड़ लग रहा है. अंदाज से कहें तो वह 26-27 साल का ही रहा होगा. हमदोनों को उससे बात करना अच्छा लग रहा था.

इस तरह की स्थिति में सामान्यतः लोगों में समाज-सुधारक की आत्मा घुस जाती है. हम दोनों समाज-सुधारक बन चुके थे..उपदेश दिए जा रहे थे. यदि नोबल वालों ने सुन लिया होता तो हम दोनों नोबल शांति पुरस्कार के प्रबल दावेदार मान लिए जाते.

‘देखो अपनी हालत. खुद पर कम से कम तरस खाओ. क्यों लेते हो शराब ?’ उपदेशक बनकर हम सवाल झाड़ चुके थे.

‘जाने दो साहब आप. मुझे भूख लगी थी, आपने खाना खिला दिया. खुदा आपपर इनायत करे. अब जाओ आप.’ बहुत बुरे लहजे में उसने यह कहा था.

अजीब लगा पर अब भी बात करना चाह रहे थे हम. थोड़ा और कुरेदने पर एकदम फट पड़ा और इथायल अल्कोहल से लेकर सिगरेट तक की रामकहानी कह गया. हर एक बुराई बता गया. उस दिन हमें पहली बार मालूम हुआ था कि सिगरेट के जलते सिरे का तापमान 700 डिग्री को भी पार कर जाता है. सिहर भी गए थे कि इस तापमान का धुंवा अन्दर कितना खाता होगा हमें भी.

उसने कोई शायरी बुदबुदाया था. ख्याल में खलल पड़ा. वह बेतरह रो रहा था. शब्द टुकड़ों में हमसे जब्त हुआ था. चीथड़ों से खोजकर उसने कई गंदले पन्ने निकाले थे. पन्ने पर दर्ज था..

इश्क़ जब तक न कर चुके रुसवा, आदमी काम का नहीं होता...

उसका रोना जारी था. लोग जुटने लगे थे. तरह तरह की टिप्पणियाँ. उड़ती बातों से मालूम हुआ कि वह इधर ही कुछ महीने से यहाँ नजर आ रहा है. जब आया था तब साफ़-सुथरा और शरीफ दिखता था. रातों में खूब रोया करता था. एक पालीथीन की थैली लेकर आया था वह जिसे किसी ने इससे छीन लिया था. उसके बाद इसकी हालत और बिगड़ते गयी. कहते हैं कि उस थैली में इसकी मरहूम माशूका की तस्वीर थी...

हम सन्न थे. वह बेतरह रो रही थी. चिथड़ा घिसटकर पैरों पर आ दया था और कुछ पैसे मांग रहा था...शराब पीने के लिए. लोग मना कर रहे थे. हमने अनमने में सौ का नोट उसे थमाया और बढ़ गए...बड़ी देर तक उसकी आवाज़ आती रही...’’जो प्रेम में होते हैं, किसी के नहीं होते...अपने भी नहीं.”

हमारा प्लान अब बदल चुका था. वहीँ बीगबाईट के पार्किंग में फुटपाथ पर बने चाय के नुक्कड़ पर हम बैठे हुए थे. इस नुक्कड़ पर हमने सिर्फ गंभीर बातें की थी. जब मन भारी होता था या कुछ बोझिल बातें होती थी, हम इसी नुक्कड़ पर पहुँच जाते थे. बीना शक्कर वाली चाय के साथ मौसम बन चुका था. दोनों चुप थे. अचानक से वह बोली, “कितने खुशनसीब होते हैं वे लोग, जिन्हें मरने के बाद भी कोई ऐसे याद करता है. यदि मैं मर गयी तो क्या तुम मुझे याद रखोगे?”

हमने डांट कर चुप करा दिया था...कुछ देर बाद वह 20 साल की हो गयी थी. कुछ महीने बाद वह साल ही नामुराद हो गया था...

इश्क़ जब तक न कर चुके रुसवा,
आदमी काम का नहीं होता......

--------------------------------------------------
लोग पढ़ते हैं, मुझसे क़िताब बोलती है,
मैं बात करता हूँ, तो शराब बोलती है,
जमाना मानता है वाइज़ मुझे ऐतबार से,
इक पगली है, जो मुझे खराब बोलती है.....!!!

(हमारा नहीं है पर हमारे लिये है. एक बड़े भाई ने खास हमें समर्पित करके करीब दो साल पहले लिखा था. अब तो हर रंग और गहरा गया है. तारीख़ बदलने से पहले एक और बार बहुत सारी शुभकामनाएँ मेरीजां.)

मेरी अधूरी मोहब्बतें.....!!!
(जनवरी 2015)

- Raj Vasani. 😊

Saturday, 2 April 2016

"गद्दारी हमारे खून में है"

(5)

लौहोर षणयंत्र केस में जयगोपाल क्यूंकि सैंडर्स हत्याकांड के वक्त मौजूद था इसलिए उसकी भगत सिंह और राजगुरु के खिलाफ गवाही महत्वपूर्ण थी। उसी के साथ 'फणीन्द्र नाथ घोष' ने भी इन लोगो के खिलाफ गवाही दी थी। फणीन्द्र नाथ घोष की गवाही ज्यादा महत्वपूर्ण थी क्यों की वो एचएसआरऎ (HSRA ) के संस्थापक सदस्य थे बल्कि वो बिहार यूनिट के प्रमुख और HSRA के 7 सदस्यीय  केंद्रीय समिति के भी सदस्य थे। पुलिस के छापे के दौरान उसे कलकत्ता में पकड़ा गया था। घोष को, एचएसआरऐ की पूरी अंदरुनी जानकारी थी और वो काफी क्रांतिकारियों को जानता भी था। उसकी निशान देही पर देश भर में छिपे क्रांतिकारियों के ठिकाने पर छापे पड़े थे और उसके साथ उसने उन लोगो को भी चिन्हित किया था जो बम बनाने में सहायक थे। फणीन्द्र नाथ की गवाही ने क्रांतिकारियों की कमर तोड़ने का काम किया था। चंद्रशेखर आज़ाद के झाँसी के ठिकाने का भी उसे पता था लेकिन आज़ाद पुलिस के छापा डालने से पहले ही झाँसी से निकल कर बच गए थे।

मैंने फणीन्द्र नाथ घोष को काफी समझने की कोशिश की है। मैंने यह भी समझने की कोशिश की है क्यों उस ऐसे एक महत्वपूर्ण क्रांतिकारी, वक्त पड़ने पर अपनी आस्था और विश्वास से छल कर बैठा और अपने ही आंदोलन और साथियों की पीठ में छुरा भोंक दिया था। फणीन्द्र नाथ कोई मामूली क्रांतिकारी नही थे, वो HSRA के जन्म लेने से पहले ही बंगाल और बिहार में क्रन्तिकारी गतिविधियों में लगे हुए थे। जब 9 सितम्बर 1928 को पंजाब, यूपी, बिहार बंगाल के क्रन्तिकारी, फिरोज शाह कोटला मैदान, दिल्ली में मिले थे तब चन्द्रशेखर आज़ाद , भगत सिंह, सुखदेव, के साथ फणीन्द्र नाथ भी मौजूद थे और विभिन्न क्षेत्रीय क्रन्तिकारी संघटनो का विलय कर के, एचएसआरऎ का गठन किया था। वहीं पर, फणीन्द्र नाथ घोष को केंद्रीय समिति में लेने का और उसे बिहार का प्रमुख बनाये जाने का भी निर्णय लिया गया था।

फणीन्द्र नाथ, अपने अन्य साथी क्रांतिकारियों से उम्र में काफी बड़े थे और इसलिए उनके साथी उन्हें आदर से 'दद्दा' कह कर बुलाते थे। दिल्ली असेम्बली बम कांड में भगत सिंह की गिरफ्तारी और बाद में लौहोर बम फैक्ट्री पकड़े जाने पर, जयगोपाल की शिनाख्त पर खुद की और सुखदेव की गिरफ्तारी से, फणीन्द्र नाथ घोष ने यह आंकलन कर लिया था की HSRA के सभी प्रमुख सदस्य गिरफ्तार हो ही चुके है और यदि आज़ाद भी गिरफ्तार हो जाते है, तो HSRA का भविष्य खत्म हो जायेगा। खुद फणीन्द्र नाथ घोष, पहले से ही हत्या और डकैती की घटनाओ में मुलजिम थे इसलिए पूरी माफ़ी की शर्त पर, वह ब्रिटिश पुलिस के गवाह बनने को तैयार होगये थे। फणीन्द्र नाथ घोष को गद्दारी की सजा का भी पूरा भान था इसलिए सबसे पहले उसने चंद्रशेखर आज़ाद के सारे ठिकानो का खुलासा किया था लेकिन चंद्रशेखर आज़ाद, शुरू से ही सजग थे लेकिन उनके सारे ठिकानो का पता, फणीन्द्र नाथ घोष को भी नही मालूम था।

गवाह बनने के बाद से ही चंद्रशेखर आज़ाद ने जयगोपाल के साथ, फणीन्द्र नाथ घोष को मार देने का फैसला कर लिया था और यह संदेश सारे बचे हुए क्रांतिकारियों को भी दे दिया गया था। भुसावल बम काण्ड की सुनवाई के दौरान जयगोपाल के साथ फणीन्द्र नाथ घोष को भी गोली से मारने की योजना थी लेकिन सिर्फ जयगोपाल को ही गोली लग पायी थी और घोष बच गया था।

फणीन्द्र नाथ घोष ने केवल अपनी जान बचाने के लिए ही गवाही नही दी थी उसने उसकी पूरी कीमत भी वसूली थी। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी में लटकाने में सफल गवाही देने के लिए ब्रिटिश सरकार ने उसको, उसकी सुरक्षा के लिए पुलिस का गार्ड और साथ में, जिला चंपारण में 50  एकड़ जमीन भी इनाम स्वरूप दी थी।

घोष की गद्दारी से आक्रोशित बिहार के क्रांतिकारियों ने हाजीपुर के गांधी आश्रम में एक बैठक की थी और वहां उसको मौत के घाट उतारने की कार्य योजना बनाई गयी थी। वहां बिहार के एक मशहूर क्रन्तिकारी, 'योगेन्द्र शुक्ल', जो की HSRA के संस्थापक सदस्य और चंद्रशेखर आज़ाद के मित्र भी थे, के भांजे, 'बैकुंठ शुक्ल' इस कार्य को करने के लिए सामने आगये और अपने अग्रजो से इसका आग्रह किया था। 25 वर्षीय बैकुंठ शुक्ल, जिला मुफ्फरपुर के जलालपुर गाँव(अब जिला वैशाली में) के थे। उन्होंने गांधी जी के सत्याग्रह आंदोलन में भाग लिया था और जेल भी गए थे। वहां भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की फांसी के बाद से उनका गांधी जी की नीतियों से मोह भंग हो गया था।गांधी इरविन के बीच हुए समझौते के तहत जब वो जेल से छोड़े गए तब वह जेल से निकल कर, HSRA के क्रांतिकारियों से जुड़ गए थे।

9 नवम्बर 1932 को जब फणीन्द्र नाथ घोष, जिला बेतिया के मीना बाजार में बैठे हुए थे तब उस पर बैकुंठ शुक्ल ने, एक प्राणधातक हमला किया जिससे फणीन्द्र नाथ घायल होकर 3 दिन बाद, अस्पताल में मर गया था। फणीन्द्र नाथ घोष को मालूम था की किसने उसको मार है लेकिन गद्दारी की हीन भावना से ग्रसित घोष ने, अपने डाईंग डिकलरेशन में किसी का भी नाम लिया था। बाद में बैकुंठ शुक्ल को गिरफ्तार करके, घोष की हत्या का मुकदमा चलाया गया और उनको 28  वर्ष की आयु में, 14 मई 1934  को गया के जेल में फांसी दे दी गयी थी।

इस प्रकार गांधी की नीतियों को दुत्कार कर बने क्रन्तिकारी बैकुंठ शुक्ल ने एक गद्दार फणीन्द्र नाथ घोष की हत्या करके, उसको गद्दारी की सज़ा दी थी।

(पूर्णः) :-...

Wednesday, 30 March 2016

"गद्दारी हमारे खून में है"

(4)

एचएसआरऐ(HSRA) के कमांडर चन्द्रशेखर आज़ाद, जहां भारत की स्वतंत्रता और इसको हासिल करने के लिए बड़े पैशनेट थे वहीं वो व्यवहारिक भी थे। उन्हें इसका पूरा एहसास था की किसी भी सशस्त्र भूमिगत आंदोलन में साथियों का पुलिस द्वारा पकड़े जाने का हमेशा ही अंदेशा रहेगा और पुलिस की प्रतारणा के आगे कमजोर साथी टिक नही पाएंगे। इसलिए उन्होंने आदेश दिया था की जब कोई क्रन्तिकारी, कार्यवाही के दैरान पकड़ा जाये, तो वह अपने हिस्से की भूमिका स्वीकार कर ले लेकिन किसी भी हालत में अन्य साथियो और HSRA की गतिविधियों के बारे में मत बताये। इन आदेशो की अवेहलना करने वाले को मृत्यु दण्ड देने की चेतावनी भी दे रक्खी थी।

जब चन्द्रशेखर आज़ाद भूमिगत हुए थे तब उन्होंने सभी साथियों को छुप जाने को कहा था और कुछ विश्वनीय लोगो को बम और हथियारों को छिपाने का काम दे दिया था। इसी एक प्रयास में भुसावल रेलवे स्टेशन पर दो क्रन्तिकारी भगवानदास माहौर और सदाशिव राव मलकापुरा पकड़ लिए गए थे। ये सदाशिव राव वही है जिन्होंने बाद में चन्द्रशेखर आज़ाद की माँ को रक्खा था। इन दोनों के बारे में पुलिस को, जय गोपाल और एक दूसरे गवाह फणिचन्द्र ने, HSRA के सदस्य के रूप में बता दिया था।

भगवानदास और सदाशिव दोनों पर जलगांव में मुकदमा चलाया गया, जो अब 'भुसावल बम केस' के नाम से जाना जाता है। जब सदाशिव को पता चला की 21 फरवरी 1930 को उनके विरुद्ध गवाही देने लौहोर पुलिस के साथ, मुखबिर जयगोपाल और फणीन्द्र घोष आने वाले है तो इन दोनों को अदालत में ही मारने का मन बनाया था। उन्होंने, उनका निः शुल्क मुकदमा लड़ रहे, झाँसी के प्रसिद्ध वकील श्री र. वि. धुलेकर, के माध्यम से, चन्द्रशेखर आजाद के पास यह संदेश भिजवाया। तब आजाद ने अपने एक फरार क्रांतिकारी साथी भगवतीचरण वोहरा को वकील के वेश में उनके पास भेजकर कहलवाया कि 'गोली चलाने का काम भगवानदास करेंगे क्योंकि एक ही मामले में दो आदमी फाँसी पाएँ, यह ठीक नहीं रहेगा।'

योजनानुसार 20 फरवरी की शाम को, सदाशिवराव के बड़े भाई शंकर राव मलकापुर, चावल के बड़े कटोरे के नीचे एक भरी हुई पिस्तोल रखकर, जेल में उन लोगों को दे आये। अगले दिन अदालत में भोजनावकाश के समय भगवानदास माहौर ने जयगोपाल और फणीन्द्र पर हमला कर दिया, जिसमें जयगोपाल को गोली लगी और वह घायल हो कर गिर गया लेकिन वो मरा नहीं था। भगवानदास उस पर और गोली उस दागते लेकिन उनकी पिस्तौल जाम हो गई थी।

इस घटना के बाद जय गोपाल सहित सभी गद्दारो की सुरक्षा, ब्रिटिश पुलिस ने बढ़ा दी, जिससे और हमले करने में क्रन्तिकारी सफल नही हो पाये थे।

भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फांसी दिलवाने में मदद करने के ऐवज मे ब्रिटश सरकार ने 1931 में गद्दार, जय गोपाल को  20,000 रुपये इनाम में दिए थे। उसके बाद जय गोपाल कहा इतिहास में दफन हो गया, मुझे नही पता चला है।

मैंने बहुत तलाश की लेकिन जय गोपाल के आगे के जीवन के बारे में कुछ भी लिखा नही मिला है। यदि किसी के पास कोई सुचना हो तो मुझे अवश्य बताइयेगा।

(क्रमशः) :-

Monday, 28 March 2016

"गद्दारी हमारे खून में है"

(3)

क्रमशः से आगे

भगत सिंह और बुटकेश्वर दत्त द्वारा दिल्ली की असेम्बली में बम फोड़ने का नतीजा यह हुआ था की ब्रिटिश सरकार घबरा गयी थी और उनकी पुलिस ने देश भर में "एचएसआरऐ" के ठिकानो पर छापे मारने शुरू कर दिए थे। ऐसे ही एक छापे में, लौहोर की बम फैक्ट्री पकड़ी गयी थी और सुखदेव थापर , किशोरी लाल और जय गोपाल गिरफ्तार कर लिए गए थे, लेकिन एक सदस्य, यशपाल वहां से बच निकलने में सफल हो गए थे। यशपाल, जो बाद में हिंदी के एक बड़े लेखक बने थे, वे एक वामपंथी थे और लौहोर में,  कालेज के दिनों से ही भगत सिंह और सुखदेव थापर से मिले थे। वे केंद्रीय भूमिका में न होकर सहयोगी की भूमिका में ही थे। इस के बाद ही,  "एचएसआरऐ" की दूसरी बम फैक्ट्री, सहारनपुर में पकड़ गयी थी। यह संदेह हमेशा ही रहा है की सहारनपुर स्थित बम फैक्ट्री की मुखबरी लौहोर बम फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद हुयी थी। इन दो फैक्टरियों के पकड़े जाने से "एचएसआरऐ" को बड़ा धक्का लगा था और यही से कमजोर क्रांतिकारियों में से गद्दार निकलने शुरू हुए थे।

सबसे पहले जो गद्दार टुटा था वो 'जय गोपाल' था। जय गोपाल का टूटना बहुत महत्वपूर्ण था क्यूंकि सैंडर्स की हत्या के दल में वो भी शामिल था। लौहोर में उस दिन, एसएसपी स्कॉट को मारने की पूरी योजना, चंद्रशेखर आज़ाद की थी। उस योजना के अनुसार, जय गोपाल को सकॉट को पहचानना था। पहचान के बाद, भगत सिंह को पहली गोली मारनी थी और उनकी गोली चलने के बाद, राजगुरु को गोली चलानी थी। चंद्रशेखर आज़ाद को इन दोनों को कवर करना था ताकि वो लोग गोली मार कर भाग जाए।

जय गोपाल ने सॉन्डर्स को सकॉट समझ कर, भगत सिंह को इशारा किया था लेकिन भगत सिंह ने जब देखा तो वह उसे सकॉट के रूप में पहचान नही पाये थे। इसी वजह से भगत सिंह गोली चलाने में हिचकिचा गये थे। इसलिए देरी होता देख कर राजगुरु ने सॉन्डर्स को पहले गोली मारी थी। राजगुरु के गोली चलने के बाद ही भगत सिंह ने सॉन्डर्स को गोली मारी थी। जब वो भाग रहे थे तब हेड कांस्टेबल चन्ना सिंह ने उनका पीछा किया और तब चंद्रशेखर आज़ाद ने, बाकी साथियों को भागने का मौका देते हुए, चन्ना सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी थी।

जय गोपाल से जेल में जब उसकी पत्नी और माँ मिलने आई, तो उनके द्वारा पुलिस ने उसपर दबाव बनाया और प्रलोभन दिया था। आखिर में जय गोपाल, अपनी पत्नी और माँ के कहने पर मान गया और वह गद्दारी करने को तैयार हो गया था। जय गोपाल, अपनी पत्नी और माँ का रोना बर्दाश्त नही कर पाया था और उसने पुलिस को, "एचएसआरऐ" के सारे भेद खोल दिए थे।

उसकी निशान देही पर ही भगत सिंह और राजगुरु की, सॉन्डर्स की हत्या करने वाले अभियुक्त के रूप में पहचान हुयी थी। यहां यह गौर करने वाली बात है की इस काण्ड में, सुखदेव शामिल नही थे लेकिन फिर भी जय गोपाल ने योजना बनाने वाले के रूप में, सुखदेव का नाम लिया था। उस वक्त, पंजाब पुलिस के लिए, सुखदेव सबसे बड़ा नाम था क्यूंकि वो ही "एचएसआरऐ" के सबसे प्रभावशाली संगठक थे। इसलिए अदालत में यह केस, भगत सिंह के नाम पर नही "द कोर्ट वर्सेज सुखदेव एवं अन्य" के नाम से चला था।   

“In the court of The Lahore Conspiracy Case Tribunal, Lahore, constituted under Ordinance no III of 1930: The Crown – Complainant versus Sukhdev and others”.       

(क्रमशः) :-

Friday, 25 March 2016

"गद्दारी हमारे खून में है"

(2)

आज कल भारत में गद्दारी की फिजा चल रही है। यह देख कर लोग अचंभित है की इतने सारे गद्दार हमारे बीच में थे और हम लोगो को इसका एहसास ही नही हुआ। यह यकीनन बेहद अफसोसनाक और चिंतनीय है। मुझे में, गद्दारो के होने से इतना आक्रोश नही है जितना इस बात पर है की लोग इसको किसी वाद के प्रति आस्था या अभिवयक्ति की आज़ादी के नाम पर, निर्लज़्ज़ता और दम्भ से, भारतीय समाज से उनके गद्दार होने को प्रतिष्ठित कराना चाहते है। 

इसी पृष्टभूमि में मैंने बीते दिनो ककाोरी काण्ड में उन गद्दारो का जिक्र किया था जिनकी गद्दारी से रामप्रसाद बिस्मिल सहित 4  राष्ट्रभक्त क्रांतिकारियों को 1927 में फांसी की सज़ा मिली थी। इसके 4 साल के भीतर ही, 1931 में एक बार फिर गद्दारो की वजह से ही महान क्रन्तिकारी भगत सिंह, सद्गुरु, और राजगुरु को फांसी दीगयी थी।  

चंद्रशेखर आज़ाद की इच्छा के विरुद्ध, भगत सिंह ने बुटकेश्वर दत्त के साथ, "एचएसआरऐ" (HSRA) की आवाज़ देश भर में फ़ैलाने के लिए, "दिल्ली के केंद्रीय लेजिस्लेटिव असेंबली' में धमाके वाले बम फोड़ कर गिरफ्तारी दी थी। तब भगत सिंह को यह अंदाज़ा नही था की वो लाहोर में हुए एएसपी सेंडर्स की हत्या का भी मुक़दमा उन पर कायम होगा और उन्हें फांसी होगी।

भगत सिंह के बम फोड़ने के बाद से ही पुलिस "एचएसआरऐ" के सदस्यों के पीछे पड़ गयी थी। चन्द्र शेखर आज़ाद तथा अन्य "एचएसआरऐ" सदस्य गिरफ्तारी से बचने के लिए अंडरग्राउंड हो गए थे और पुलिस उनके ठिकानो पर लगातार छापे मार रही थी। इसी क्रम में लौहोर में स्थित बम फैक्ट्री पकड़ी गयी थी और उसमे सुखदेव थापर , किशोरी लाल और जय गोपाल को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके बाद, सहारनपुर स्थित बम फैक्ट्री भी पकड़ी गयी और इन दोनों फैक्ट्री के पकड़े जाने के बाद ही भगत सिंह, सुखदेव थापर और राजगुरु पर सेंडर्स की हत्या का मुक़दमा कायम हुआ था। दरअसल लौहोर बम फैक्ट्री में गिरफ्तारी के बाद से ही गद्दार सामने आये थे और उनकी गवाही ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फांसी पर लटकवाया था।

वैसे तो कई लोगो ने गवाही दी थी लेकिन जिन गवाहों के बयान ने इन तीनो क्रांतिकारियों को फांसी की सजा दिलवाई थी वह "एचएसआरऐ" के सदस्य थे और उनके साथी थे। यहां इन गद्दारो के बारे में बात करने से पहले एक नाम की चर्चा जरूर करूंगा जिनका नाम अक्सर लोग लेते है और मानते है की उनकी गवाही पर भगत सिंह सहित तीनो को फांसी हुयी थी। 

भगत सिंह की फांसी के पीछे प्रसिद्ध लेखक खुशवंत सिंह के पिता, 'सर शोभा सिंह' का नाम बराबर लिया जाता है, जो की गलत है। यहां एक बात समझ लीजियेगा की दिल्ली में बम फोड़ना एक अलग केस था और लौहोर में सैंडर्स की हत्या बिलकुल अलग केस था। सर शोभा सिंह, जो की ब्रिटिश राज्य के कृपा पात्र थे और बड़े ठेकेदार थे, वे उस दिन, जिस दिन बम फोड़ा गया था असेंबली में मौजूद थे। उन्होंने ही भगत सिंह और बुटकेश्वर दत्त की शिनाख्त की थी और उन्होंने जो पूरा घटना क्रम बताया था, उसी के आधार पर भगत सिंह और बुटकेश्वर दत्त को 12 जून 1929 को, असेंबली में बम फोड़ने के इल्जाम में, आजीवन कारावास हुयी थी। हाँ, यहाँ यह बताना जरुरी है की अदालत ने अपने फैसला देने में, गवाहों की गवाही में दिए गए घटनाक्रम पर संदेह व्यक्त किया था लेकिन क्यूंकि खुद भगत सिंह और बुटकेश्वर दत्त ने अपनी गिरफतारी दी थी इसलिए उन्हें मुलजिम माना गया था। 

भगत सिंह, सुखदेव थापर और राजगुरु पर सैंडर्स की हत्या का मुकदमा, असेंबली बम कांड में सजा दिए जाने के बाद ही चालू हुआ था इसलिए उनकी फांसी के जिम्मेदार गद्दारो की कहानी उसके बाद ही शुरू होती है। इन तीन क्रांतिकारियों को फांसी दिलाने वाला केस "लौहोर षड्यंत्र केस" के नाम से जाना जाता है।

(क्रमशः) :-